नई दिल्ली: थिंक टैंक सेंटर फॉर सिविल सोसायटी के अनूठे प्रोजेक्ट ‘बोलो इंग्लिश’ के तहत देश भर के बजट स्कूलों के स्टूडेंट्स को धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलना सिखाया जा रहा है। पिछले दो वर्षों से अंग्रेजी बोलना सीखने के इच्छुक छात्रों को प्रीमियम ऐप ‘बोलो इंग्लिश’ का सब्सक्रिप्शन निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस दौरान 11 राज्यों के एक लाख से अधिक स्टूडेंट्स और 4 हजार से अधिक टीचर्स इस प्रोजेक्ट के साथ जुड़ चुके हैं। इस ऐप के इस्तेमाल से छात्रों के प्रदर्शन में ऐसा निखार आया कि उन्हें यूनाइटेड नेशंस सहित अन्य राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं से भी तारीफ मिलने लगी है। इस प्रोजेक्ट से लाभान्वित हुए ऐसे ही कुछ छात्रों, उनके पेरेंट्स और स्कूल टीचर्स को सेंटर फॉर सिविल सोसायटी द्वारा राजधानी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया जिसमें उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से 100 से अधिक शिक्षक, स्कूल संचालक, शिक्षाविद, छात्र तथा पालिसी तज्ञ उपस्थित थे।
इंडिया हैबिटेट सेंटर स्थित गुलमोहर ऑडिटोरियम में ‘नवनिर्माणः पाथ टू च्वाइस एंड एक्सीलेंस इन एजुकेशन’ कार्यक्रम के दौरान दिल्ली, अंबाला, कानपुर और आगरा से आए स्टूडेंट्स, पैरेंट्स और टीचर्स को सम्मानित किया गया। इस दौरान ‘स्टैंडर्ड सेटिंग एंड एक्रिडेशन फॉर स्कूल एजुकेशन’ और ‘पाथ टू एक्सिलेंस’ विषय पर सेमिनार का आयोजन भी किया गया।
Click Here for More Latest News