नई दिल्ली। टाटा पावर डी.डी.एल द्वारा सेंट विवेकानंद स्कूल(लाडपुर) में सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय में आयोजित अभिभावक एवं शिक्षक बैठक (PTM) के अवसर पर रखा गया, ताकि अधिक से अधिक अभिभावकों तक स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का संदेश पहुँचाया जा सके।
कार्यक्रम में टाटा पावर की ओर से यशपाल राठी उपस्थित रहे। इसके साथ ही टाटा पावर के स्थानीय एंबेसडर एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित, जौंती गाँव से संबंध रखने वाले तीर्थराज ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से सौर ऊर्जा के महत्व, इसके दीर्घकालिक लाभ और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य युवराज पुंज जी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। समाज और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले प्रधानाचार्य ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली की बचत का साधन है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ भविष्य की नींव भी है। उन्होंने अभिभावकों को इस दिशा में आगे बढ़ने और अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को सौर ऊर्जा से होने वाले आर्थिक लाभ, बिजली बिल में कमी और पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव की जानकारी सरल एवं प्रभावशाली ढंग से दी गई। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे समय की आवश्यकता बताया।
कुल मिलाकर, टाटा पावर डी.डी.एल द्वारा आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम एक सार्थक पहल साबित हुआ, जिसने विद्यालय, अभिभावकों और समाज को स्वच्छ ऊर्जा की ओर एक कदम आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
Click Here for More Institutional Activities