त्रिदिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्वामी श्रद्धानंद महाविद्यालय में 25, 26 और 27 फरवरी 2026 को 59वें ‘श्रद्धा तरंग’ वार्षिक उत्सव एवं त्रिदिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में शिक्षा, संस्कृति और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के माननीय सदस्य श्री भुवन भूषण कमल जी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नरेला के विधायक राजकरण खत्री, एसडीएम अलीपुर आदित्या कुमार झा, सहायक पुलिस आयुक्त अलीपुर रवि नंदन, निगम पार्षद अलीपुर योगेश राणा, कॉलेज गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष प्रो. राज किशोर शर्मा और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रवीण गर्ग सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। अपने प्रेरक उद्बोधन में मुख्य अतिथि भुवन भूषण कमल ने महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास की कामना करते हुए कहा, “शैक्षणिक संस्थाओं का मुख्य ध्येय व्यक्ति और व्यक्तित्व का निर्माण करना है। साथ ही युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।”
वहीं, विधायक राजकरण खत्री ने दिल्ली सरकार की ओर से महाविद्यालय के विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। महाविद्यालय के यशस्वी प्राचार्य प्रो. प्रवीण गर्ग ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और प्रगति का विस्तृत विवरण रखा।
दूसरे दिन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
महोत्सव के दूसरे दिन अंतर-महाविद्यालय स्तर पर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य, सामूहिक गीत प्रतियोगिता और फैशन शो सहित कई आकर्षक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस भव्य आयोजन में कुल 368 विद्यार्थियों ने सहभागिता की तथा 25 महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वामी श्रद्धानंद महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर योगदान दिया। एनसीसी के विद्यार्थियों ने अनुशासन, मेहनत और निष्ठा के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन एवं प्रबंधन प्रशासनिक अधिकारी डॉ. धर्मवीर भारद्वाज जी द्वारा किया गया। समापन अवसर पर स्टाफ काउंसिल के सचिव डॉ. दीपक हथवाला जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
तीन दिवसीय यह महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मकता का उत्सव साबित हुआ तथा महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ गया।
Click Here for More Latest News