नई दिल्ली, 16 जून: गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (IP University) ने 12 प्रमुख शैक्षणिक प्रोग्राम्स में प्रवेश के लिए चल रही ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने की अंतिम तिथि 17 जून निर्धारित की है। विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते काउंसलिंग से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थी 17 जून तक ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इस दौरान उम्मीदवार आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं, कॉलेज और कोर्स विकल्प भर सकते हैं तथा पहले से भरे गए आवेदन फॉर्म में संशोधन भी कर सकते हैं।
इन 12 प्रोग्राम्स के लिए चल रही है काउंसलिंग
ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया निम्नलिखित प्रोग्राम्स के लिए जारी है:
• एलएलएम (LLM)
• बीसीए (BCA)
• बीए एलएलबी (BA LLB)
• बीबीए एलएलबी (BBA LLB)
• बी.एड (B.Ed)
• बीबीए (BBA)
• बीबीए-एमबीए इंटीग्रेटेड
• बीए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (BA JMC)
• डिप्लोमा धारकों के लिए बी.टेक लेटरल एंट्री
• बी.टेक (B.Tech)
• बी.कॉम (ऑनर्स)
• बी.एड (विशेष शिक्षा)
• चार वर्षीय बीए अंग्रेजी (ऑनर्स)
• चार वर्षीय बीए अर्थशास्त्र (ऑनर्स)
CLAT और JEE आधारित कोर्सों के लिए रजिस्ट्रेशन का अवसर
विश्वविद्यालय ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं पर आधारित तीन प्रमुख प्रोग्राम्स में 17 जून तक नए ऑनलाइन पंजीकरण भी किए जा सकते हैं।
इनमें शामिल हैं:
• CLAT PG के आधार पर एलएलएम
• CLAT UG के आधार पर बीए एलएलबी और बीबीए एलएलबी
• JEE Main Paper-1 के आधार पर बी.टेक
इन कोर्सों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी इस अवधि में ऑनलाइन पंजीकरण, आरक्षित श्रेणी के दस्तावेजों का अपलोड, आवश्यक प्रमाणपत्र जमा करना, विकल्प चयन और आवेदन पत्र में संशोधन जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
CET आधारित कोर्सों में केवल काउंसलिंग संबंधी सुविधाएं उपलब्ध
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि शेष CET आधारित प्रोग्राम्स में नए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध नहीं है। हालांकि पहले से पंजीकृत उम्मीदवार दस्तावेज अपलोड, विकल्प चयन और आवेदन फॉर्म संपादन जैसी अन्य सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश प्रक्रिया, काउंसलिंग कार्यक्रम, सीट आवंटन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी निम्न वेबसाइटों पर जा सकते हैं:
• www.ipu.ac.in
• www.ipu.admissions.nic.in
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नलिनी रंजन ने बताया कि उम्मीदवारों को अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लेनी चाहिए।
Click Here for More Institutional Activities