नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित की जा रही कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के तहत 9 और 10 मई को होने वाली परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जा रही है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इन दो दिनों की परीक्षा में कुल 33256 उम्मीदवार शामिल होंगे। 9 मई को बीबीए, बीकॉम ऑनर्स, बीएससी नर्सिंग, एमबीए और कंप्यूटर साइंस, इंग्लिश, मेडिकल साइंसेज सहित कई विषयों में पीएचडी कार्यक्रमों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
वहीं 10 मई को बीसीए, बीएड, बीएमएस, एमएससी मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, मैकेनिकल एंड ऑटोमेशन इंजीनियरिंग, ऑटोमेशन एंड रोबोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, एनवायर्नमेंटल साइंसेज, लॉ, इकोनॉमिक्स, मैथेमेटिक्स और एजुकेशन जैसे विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा होगी।
परीक्षा के लिए दिल्ली एनसीआर में 94 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि चंडीगढ़, जयपुर, कोलकाता और लखनऊ में भी एक एक केंद्र निर्धारित किया गया है। पीएचडी की परीक्षाएं केवल दिल्ली में आयोजित की जाएंगी।
सीईटी परीक्षा ओएमआर आधारित होगी और दो पालियों में आयोजित की जाएगी। सुबह की पाली 10 बजे से 12.30 बजे तक और शाम की पाली 2.30 बजे से 5 बजे तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने बताया कि 23 मई तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इस वर्ष कुल 50531 उम्मीदवार 78 कार्यक्रमों के लिए आवेदन कर चुके हैं, जो विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड करें और किसी भी बदलाव के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
Click Here for More Exams / Admission