Institutional Activities

हरियाणा की कला संस्कृति पर करना चाहिए गर्व प्रो. टंकेश्वर कुमार

आयोजन में प्रो. दिनेश चहल, प्रो. बीर पाल सिंह यादव सहित भारी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, शोधार्थी एवं शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।

हरियाणा  :- हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय द्वारा एक दिवसीय दोहान उत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय में कला-संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजन में प्रमुख रूप से हरियाणवी गायक श्री रमकेश जीवनपुरवाला, हास्य कलाकार श्री आजाद दुहान, अभिनेता व निदेशक श्री हरिओम कौशिक व जगदीप राही प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने इस आयोजन को हरियाणा की ऐतिहासिक विरासत व कला-संस्कृति को जानने-समझने और उस पर गर्व करने का माध्यम बताया और कहा कि अवश्य ही विश्वविद्यालय में अध्ययनरत अन्य प्रदेशों के विद्यार्थी इस आयोजन से हरि की धरती हरियाणा के मूल से जुड़ पाएंगे।

कुलपति ने आयोजन में सम्मिलित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी का हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में हरियाणा के गठन और इसके इतिहास पर प्रकाश डाला। कुलपति ने कहा कि हरियाणा ही भारत का एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसका नाम भगवान के नाम पर है। उन्होंने कहा कि इसी धरती पर महाभारत हुई और भगवान श्री कृष्ण ने गीता का उपदेश भी दिया। कुलपति ने हरियाणा और हरियाणा के लोगों के देश के विकास में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि हम आबादी में कम हैं लेकिन हमारा योगदान सदैव उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी कला-संस्कृति पर गर्व है और केंद्रीय विश्वविद्यालय होने के नाते यहां उपस्थित विविधता संस्कृति के आपसी मेलजोल हेतु उपयुक्त स्थान है। विश्वविद्यालय में इस तरह के आयोजन विभिन्न प्रदेशों के युवाओं को एक-दूसरे की ऐतिहासिक विरासत को जानने-समझने का अवसर प्रदान करते हैं। कुलपति ने इस आयोजन के लिए छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय व हिंदी विभाग की सराहना की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रथम महिला प्रो. सुनीता श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं। 

आयोजन में सम्मिलित श्री आजाद दुहान, रमकेश जीवनपुरवाला व हरिओम कौशिक ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और युवाओं को कला-संस्कृति से प्रेम करने की सीख दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलन व विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ हुई। आयोजन में रागनी, हरियाणा ग्रुप डांस, हरियाणवी सोलो डांस, कविता पाठ का आयोजन किया। जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. आनंद शर्मा ने बताया कि हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए डीजे नाइट भी आयोजित की गई है। आयोजन में प्रो. दिनेश चहल, प्रो. बीर पाल सिंह यादव सहित भारी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, शोधार्थी एवं शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। 

Click Here for More Institutional Activities