महेंद्रगढ़: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (यूजीसी-एमएमटीटीसी) द्वारा पूर्णिमा विश्वविद्यालय, जयपुर के सहयोग से आयोजित 37वें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) अभिमुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार के संरक्षण एवं दूरदर्शी नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके सतत मार्गदर्शन तथा गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने यूजीसी-एमएमटीटीसी की शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा का मार्गदर्शन एवं सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा, जिनकी शैक्षणिक दृष्टि और संस्थागत समर्थन से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन सत्र के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. अमित गौतम उपस्थित रहे। उन्होंने 'शिक्षण एवं अनुसंधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका' विषय पर अपने व्याख्यान में कहा कि डिजिटल युग में शिक्षा के बदलते स्वरूप के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों पर पुनर्विचार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल प्रौद्योगिकियों का विवेकपूर्ण और प्रभावी उपयोग शिक्षा को अधिक सहभागितापूर्ण, समावेशी, शिक्षार्थी-केंद्रित तथा 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप बना सकता है।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे एआई आधारित नवाचारों को शिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाकर विद्यार्थियों में रचनात्मकता, विश्लेषणात्मक सोच और समस्या समाधान क्षमता का विकास करें।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर यूजीसी-एमएमटीटीसी के निदेशक एवं शिक्षक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभिमुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार, समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा, मुख्य अतिथि प्रो. अमित गौतम, सभी विषय विशेषज्ञों, यूजीसी-एमएमटीटीसी की उपनिदेशक एवं अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभागाध्यक्ष प्रो. तनु गुप्ता, पूर्णिमा विश्वविद्यालय, जयपुर की कार्यक्रम समन्वयक प्रो. प्रियंका मिश्रा, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. चांदवीर, सभी प्रतिभागियों तथा यूजीसी-एमएमटीटीसी के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव प्रतिभागियों को अपने शिक्षण कार्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायक सिद्ध होंगे।
Click Here for More Institutional Activities