Institutional Activities

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में वन महोत्सव, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला नया बल

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण, ईको क्विज विजेताओं का सम्मान तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी पर विशेष बल दिया गया.

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के व्यावसायिक अध्ययन एवं कौशल विकास विभाग तथा वन विभाग, महेंद्रगढ़, हरियाणा सरकार के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विश्वविद्यालय के वंदे मातरम् सभागार में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा आयोजित ईको क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा, कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार, जिला परिषद के चेयरमेन डॉ. राकेश शर्मा तथा एडीसी महेंद्रगढ़ भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री ओमप्रकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने पूरे देश में जनभागीदारी का नया वातावरण तैयार किया है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में विकसित मियावाकी वन, व्यापक वृक्षारोपण अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से ही स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है.

महेंद्रगढ़ के विधायक श्री कंवर सिंह यादव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सतत जन-अभियान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल का संकल्प ले, तो हरियाणा को अधिक हरित और समृद्ध बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर जिला वन अधिकारी श्री वीरेंद्र सिंह, आईएफएस ने वन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पर्यावरण संरक्षण अभियानों की जानकारी दी तथा जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् तथा विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान करनाल से आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इसके उपरांत वन विभाग द्वारा आयोजित ईको क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

अंत में सभी अतिथियों ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित मियावाकी वन का भ्रमण किया और पौधों के संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के लिए विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय व्यावसायिक अध्ययन एवं कौशल विकास विभाग के डॉ. सुयश मिश्रा, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. ऋचा तथा श्री मुकेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, शोधार्थी तथा वन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

Click Here for More Institutional Activities