राकेश नाथ
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के चेयरमैन पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गौरतलब है कि एआईसीटीई के चेयरमैन प्रो. टी. जी. सीताराम का कार्यकाल 20 दिसंबर, 2025 को पूरा होने का पश्चात उन्हें कर्तव्यों से मुक्त किया गया था। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी पत्र के अनुसार प्रो. योगेश सिंह की नियुक्ति एआईसीटीई के रेगुलर चेयरमैन की नियुक्ति होने तक या अगले आदेश तक की गई है।
प्रो. योगेश सिंह बेहतरीन प्रशासनिक क्षमता वाले जाने माने शिक्षाविद हैं, जो अक्तूबर, 2021 से दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति हैं। इसके साथ ही वह नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन के चेयरपर्सन भी रहे हैं। अगस्त 2023 में उन्हें स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) के निदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। प्रो. योगेश सिंह वह 2015 से 2021 तक दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति रहे; 2014 से 2017 तक नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, दिल्ली के निदेशक रहे और उससे पहले 2011 से 2014 तक वह महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा (गुजरात) के कुलपति रहे हैं। उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कुरुक्षेत्र से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में क्वालिटी टीचिंग, इनोवेशन और रिसर्च में उनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड है।
Click Here for More Latest News