महेंद्रगढ़ : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी)-मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमएमटीटीसी) द्वारा प्रांयोजित शॉर्ट टर्म प्रोग्राम (एसटीपी) का विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के एमएमटीटीसी द्वारा 18 जनवरी 2025 तक आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रतिभागिता हेतु देश के 10 राज्यों से 37 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने राष्ट्रीय विकास में शोध की भूमिका पर बल दिया और संबंधित अनुशासन में नवीनतम विकास का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने शोध के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने बेहतर डेटा विश्लेषण और शोध की गुणवत्ता में सुधार के लिए नवीनतम उपकरणों के उपयोग और प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में उच्च गुणवत्ता वाले शोध पत्र प्रकाशित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। तत्पश्चात विश्वविद्यालय में मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमएमटीटीसी) के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय में एमएमटीटीसी के उपनिदेशक प्रो. सुरेंद्र्र सिंह ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षक शिक्षा विभाग के प्रो. दिनेश चहल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के प्रतिभागियों सहित विभाग के शिक्षक, विद्यार्थी एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
Click Here for More Institutional Activities