नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज के छात्र संघ की ओर से नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘परिचय-2026’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में छात्र-संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं कर्तव्य-निष्ठा की शपथ ली। छात्र-संघ के अध्यक्ष पद की शपथ जतिन चौधरी ने ली जबकि उपाध्यक्ष पद की तनु त्रिवेदी, सचिव पद की कौशिक राय, संयुक्त सचिव की प्रशांत सिंह, सांस्कृतिक सचिव की मुस्कान कांडपाल एवं खेल सचिव पद की शपथ आयुष ने ली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोज तिवारी, सांसद, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, विशिष्ट अतिथि घोंडा के विधायक अजय महावर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के संगठन मंत्री प्रद्युम्न सिंह रघुवंशी तथा आज़ादनगर की पार्षद नीलम जीतू चौधरी की विशिष्ट उपस्थिति रही। परिचय-2026 समारोह की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बिजेंद्र कुमार ने की। परिचय-2026 का उद्देश्य सत्र 2026-27 के नवागंतुक छात्रों को महाविद्यालय के सांस्कृतिक परिवेश से अवगत कराने के साथ-साथ छात्र संघ के पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्य-निष्ठा की शपथ दिलाना रहा है। इस अवसर पर सांसद एवं अभिनेता मनोज तिवारी ने छात्र पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यही छात्र संघ भविष्य में अपने देश को विकसित भारत की तरफ ले जाएगा। साथ ही छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्होंने डांडिया एवं नृत्य भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि अजय महावर ने कहा कि महाविद्यालय का यह नवनिर्वाचित छात्र संघ भविष्य में दिल्ली और पूरे देश की भी राजनीति का नेतृत्व करेगा। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह संघ स्वामी विवेकानंद, डॉ. अम्बेडकर और डॉ. कलाम के विचारों को आगे ले जाने का काम करेगा। वहीं कार्यक्रम के अतिथि प्रद्युम्न सिंह रघुवंशी ने कहा कि छात्र संघ के ये प्रतिनिधि पूरे देश के युवाओं का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। इनके भीतर समाज को बदलने का जो उत्साह और ऊर्जा है, उसका लाभ पूरे देश को मिलने जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संगठन, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। पार्षद नीलम जीतू चौधरी ने भारतीय समाज में छात्राओं की शिक्षा, आत्मविश्वास एवं समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को महत्त्वपूर्ण बताया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बिजेंद्र कुमार ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह के दौरान नवागंतुक छात्रों के बीच सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व आधारित प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें मिस्टर फ्रेशर का खिताब मनोनित तथा मिस फ्रेशर का खिताब लवीना को मिला। मिस्टर टैलेंटेड ध्रुव और मिस टैलेंटेड मानसी चुनी गईं। मिस्टर वेल ड्रेस्ड का पुरस्कार अंकित तथा मिस वेल ड्रेस्ड का पुरस्कार चैताली को मिला। वहीं मिस्टर पर्सनैलिटी विराट और मिस पर्सनैलिटी अर्शिया घोषित की गईं। छात्र संघ के साथ-साथ परिचय-2026 के इस समारोह में महाविद्यालय के दिव्यांग प्रकोष्ठ के छात्र प्रतिनिधियों ने भी अपने पद एवं कर्तव्य-निष्ठा की शपथ ली। शाज़िया ने समन्वयक एवं आयुष सोनी ने सह-समन्वयक की शपथ ली। सांस्कृतिक गतिविधियों की देखरेख का जिम्मा रौशनी पर होगा, वहीं खेल से जुड़ी गतिविधियों की जिम्मेवारी सलीम पर होगी। समान अवसर प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. राजबाला गौतम ने उम्मीद जताई कि ये छात्र-प्रतिनिधि अपने प्रयास से महाविद्यालय में दिव्यांग छात्रों के हित के लिए बढ़-चढ़कर गतिविधियों का आयोजन करने में सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन में सैकड़ों नवागंतुक छात्रों सहित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं महाविद्यालय सहयोगियों ने भाग लिया। छात्र परिषद् की समन्वयक प्रो. सरला भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की।
Click Here for More Institutional Activities