Institutional Activities

स्कूली विद्यार्थियों ने किया हकेवि का शैक्षणिक भ्रमण

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ में हरियाणा पब्लिक सीनियर स्कूल, नारनौल के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने केंद्रीय पुस्तकालय एवं विभिन्न विभागों का भ्रमण कर आधुनिक पुस्तकालय सुविधाओं, उच्च शिक्षा और शोध के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।

महेंद्रगढ़ : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के पंडित दीनदयाल उपाध्याय केंद्रीय पुस्तकालय में बुधवार को हरियाणा पब्लिक सीनियर स्कूल, नारनौल के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के कक्षा 11 एवं 12 के लगभग 120 विद्यार्थियों व शिक्षकों ने विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग सहित विभिन्न शैक्षणिक विभागों का भ्रमण कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय के सहयोग से आयोजित इस भ्रमण की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय केंद्रीय पुस्तकालय से हुई, जहां पुस्तकालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय पुस्तकालय प्रणाली की विभिन्न सुविधाओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सदस्यता, अध्ययन कक्ष, संदर्भ अनुभाग, डिजिटल संसाधन, ई-पुस्तकों एवं ई-जर्नलों सहित उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. संतोष सी.एच. तथा उप-पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. राजीव वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों के व्यवस्थित वर्गीकरण, विभागवार संग्रह, पुस्तकों के खोज एवं उपयोग की प्रक्रिया तथा शोध कार्यों में पुस्तकालय की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक पुस्तकालय सेवाओं के अंतर्गत वेब-ओपैक के माध्यम से पुस्तकों की ऑनलाइन खोज, पुस्तकालय प्रबंधन सॉफ्टवेयर के उपयोग तथा विभिन्न शोध उपकरणों के बारे में भी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के युग में डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता और शोध कौशल को सुदृढ़ बनाता है।

इसके उपरांत विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग सहित अन्य शैक्षणिक विभागों का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें विभिन्न विभागों की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशालाओं, अध्ययन सुविधाओं तथा विश्वविद्यालय में उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं शोध के अवसरों की जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय की छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. रेनु यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय का भ्रमण स्कूल के विद्यार्थियों को शिक्षा जगत में हो रहे नवाचार और उच्च शिक्षा के वातावरण को निकट से समझने का अवसर प्रदान करता है। विश्वविद्यालय लगातार इस तरह के भ्रमण विद्यालयों के साथ मिलकर करता रहता है ताकि विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन और प्रेरणा जागृत हो सके। विश्वविद्यालय के सहायक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत ने इस शैक्षणिक भ्रमण का समन्वयन किया। 

विद्यालय के शिक्षकों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था तथा आधुनिक पुस्तकालय प्रणाली को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ। वहीं विद्यार्थियों ने भी इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं पुस्तकालय परिवार का आभार व्यक्त किया।

Click Here for More Institutional Activities