Institutional Activities

हकेवि में हिंदी साहित्य और सिनेमा पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के हिंदी विभाग में दोहान व्याख्यान माला के अंतर्गत ‘हिंदी साहित्य और सिनेमा’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध निर्देशक व पटकथा लेखक प्रकाश भारद्वाज उपस्थित रहे।

 

 महेंद्रगढ़ : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के हिंदी विभाग में दोहान व्याख्यान माला के अंतर्गत ‘हिंदी साहित्य और सिनेमा’ विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध निर्देशक व पटकथा लेखक प्रकाश भारद्वाज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बीर पाल सिंह यादव ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि साहित्य और सिनेमा एक दूसरे के पूरक हैं और दोनों में एक अंतर्संबंध है। अनेक गीतकारों ने सिनेमा में अपना योगदान दिया है। हिंदी उपन्यास और कहानी पर पटकथा लिखते समय लेखक को किन-किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है और उसके समाधान को भी रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पटकथा लेखन से संबंधित सुझाव भी दिए। साहित्य और सिनेमा के जीवंत संबंध को विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किया। हिंदी  साहित्य की अन्य विधाओं जैसे कहानी, उपन्यास, जीवनी, नाटक आदि पर आधारित फिल्मों की प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने संदेश के माध्यम से इस तरह के आयोजनों को विषय की समझ हेतु उपयोगी बताया।

हिंदी विभाग में आयोजित इस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. बीर पाल सिंह यादव ने कहा कि सिनेमा ने हिंदी को विश्व भाषा बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज दुनिया के तमाम देशों में हिंदी सिनेमा के माध्यम से हिंदी भाषा का विस्तार हो रहा है। हिंदी  सिनेमा के गीतों ने दुनिया के तमाम देशों पर अपनी छाप छोड़ी है। सिनेमा आज सिर्फ़ मनोरंजन का नहीं बल्कि गंभीर अनुसंधान का भी क्षेत्र बन गया है।आज दुनिया में ज्ञान का कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं बचा है ,जहां सिनेमा ने अपनी दखल न दी हो। आयोजन में मंच का संचालन कर रहे सह आचार्य डॉ. कामराज सिंधु ने किया। कार्यक्रम के अंत में सह आचार्य डॉ. कमलेश कुमारी ने अध्यक्ष, मुख्य वक्ता, विद्यार्थी और शोधार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Click Here for More Institutional Activities