Latest News

राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर हकेवि कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों-शोधार्थियों को विषय के व्यावहारिक व एतिहासिक पहलुओं को जानने में मददगार साबित होते हैं।

हरियाणा  :- राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के अवसर पर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों-शोधार्थियों को विषय के व्यावहारिक व एतिहासिक पहलुओं को जानने में मददगार साबित होते हैं। जहां तक बात डॉ. एस.आर. रंगनाथन की है तो पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

कार्यक्रम की शुरूआत डॉ. एस. आर. रंगनाथन के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। तत्पचात विश्वविद्यालय की समकुलपति प्रो. सुषमा यादव व विश्वविद्यालय की प्रथम महिला प्रो. सुनीता श्रीवास्तव ने पुस्तकों, पठन-पाठन, पुस्तकालयों के महत्त्व पर अपने विचार से प्रतिभागियों को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने पुस्तकालय से संबंधित सेवाओं में उनके योगदान के लिए पुस्तकालय कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा पुस्तकालय में ई-टूल्स की भूमिका विषय पर ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आईआईटी, दिल्ली से डॉ. टी.आर. मनु; आईआई बैंगलोर से डॉ. नम्रता राय तथा हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से  सुश्री प्रिया विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

इसी क्रम में समाज की बेहतरी के लिए अनुसंधानः शोधकर्ताओं की भूमिका, जिम्मेदारियां एवं दृष्टिकोण विषय पर चर्चा का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. संतोष सी एच ने रिसर्च प्रकाशन व अनुसंधान परिणामों को प्रभावी ढ़ंग से संवाद करने के तरीको पर विस्तार से चर्चा की।  विश्वविद्यालय के उप पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ राजीव वशिष्ठ, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह, श्री नरेश कुमार और डॉ विनीता मलिक ने भी पैनल चर्चा के विषय पर अपने विचार साझा किए। मनोविज्ञान विभाग से सुश्री मंजू फोगाट, अंग्रेजी विभाग से श्री महानंदा बिस्वास, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग से श्री भावेश, मनोविज्ञान विभाग से श्री दीपक कुमार ने पैनलिस्ट के रूप में प्रतिभागिता की और अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, विद्यार्थी व शोधार्थी उपस्थित रहे। 

Click Here for More Latest News