Competition

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने संदेश के माध्यम से कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिता सरीखे आयोजन विद्यार्थियों की तार्किक शक्ति के विकास में मददगार होते हैं।

  • राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अंतर्गत हुआ आयोजन

हरियाणा :- हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के पंडित दीनदयाल उपाध्याय केंद्रीय पुस्तकालय द्वारा 20 से 24 नवम्बर तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने संदेश के माध्यम से कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिता सरीखे आयोजन विद्यार्थियों की तार्किक शक्ति के विकास में मददगार होते हैं।

शिक्षा पीठ के सम्मेलन कक्ष में यह वाद-विवाद प्रतियोगिता ‘क्या आज की पीढ़ी किताबें पढ़ती हैं‘ विषय पर आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. संतोष सी एच ने संदेश के माध्यम से आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम के समन्वयक व सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि वाद-विवाद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 50 विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता की। उन्होंने लेखन कौशल व रचनात्मकता के विकास हेतु किताबें पढ़ने के लिए प्रतिभागियों को प्रेरित किया। विश्वविद्यालय की सूचना वैज्ञानिक डॉ. विनिता मलिक ने प्रतियोगिता के नियम प्रतिभागियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि किताबें कैसे पाठकों में एकाग्रता व शब्दावली को विकसित करती है। विश्वविद्यालय के उप पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. राजीव वशिष्ठ ने पुस्तकों के महत्त्व से प्रतिभागियों को अवगत कराया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पराक्रम ने प्रथम, सानंद त्रिपाठी ने द्वितीय तथा सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजन में पर्यावरण अध्ययन विभाग की डॉ. मोना शर्मा तथा संस्कृत विभाग के डॉ. देवेंद्र सिंह राजपूत निर्णायकों के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

 

Click Here for More Competition