Latest News

सिंगापुर में होगा 'महान शोमैन' राज कपूर का शताब्दी समारोह; पोस्टर विमोचन के साथ तैयारियाँ शुरू

रेस्पेक्ट इंडिया के तत्वावधान में 23 अगस्त को भव्य कार्यक्रम, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी उपाध्यक्ष

सिंगापुर– बॉलीवुड के 'महान शोमैन' कहे जाने वाले राज कपूर के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सिंगापुर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन रेस्पेक्ट इंडिया द्वारा 23 अगस्त को प्रस्तावित है। आयोजन की शुरुआत आज सिंगापुर में सिंगापुर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय की वरिष्ठ प्रोफेसर बिमलेश बाधवा द्वारा पोस्टर विमोचन के साथ हुई।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य सर्वजीत दत्त, मणिकांत राय, रेस्पेक्ट इंडिया के महासचिव डॉ. मनीष कुमार चौधरी एवं वरिष्ठ प्रबंधक पलक श्रीवास्तव ने टीम सिंगापुर के साथ मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

प्रो. बिमलेश बाधवा ने कहा कि "ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से भारत और सिंगापुर के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।"

इस शताब्दी समारोह के अध्यक्ष भारत सरकार के केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी हैं, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में लोकसभा सांसद एवं कलाकार मनोज तिवारी तथा प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक राहुल रवैल की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

आयोजन समिति में कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं, जिनमें डॉ. सच्चिदानंद जोशी (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र), वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह, दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के प्रो. अनिल कुमार, मिरांडा हाउस की प्राचार्य प्रो. विजयलक्ष्मी नंदा, वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म अध्येता अनंत विजय, और कला-साहित्य विशेषज्ञ यतीन्द्र मिश्र शामिल हैं।

यह कार्यक्रम दिल्ली, मुंबई के साथ-साथ मॉरिशस, उज्बेकिस्तान, मास्को और काठमांडू में भी आयोजित किया जाएगा, जिससे राज कपूर की वैश्विक विरासत का उत्सव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा सकेगा।

Click Here for More Latest News