Institutional Activities

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने ली रक्तदान करने की शपथ

:- कुलपति ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करता है

 

हरियाणा: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के स्वयंसेवकों ने विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान करने की शपथ ली। रक्त के विभिन्न आठ समूहों की खोज करने वाले आस्ट्रिया के नोबेल पुरस्कृत वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने मानवता की सेवा व सुरक्षा के लिए यह महान खोज करके मानव जीवन को एक अमूल्य उपहार दिया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को शपथ दिलवाने के बाद विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि रक्तदान को महादान कहा गया है। हमें स्वयं भी रक्तदान चाहिए और दूसरों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।

कुलपति ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करता है। स्वैच्छिक रक्तदान सेवाएं रेडक्रॉस की गतिविधियों का मुख्य हिस्सा है। कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौरान हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने अपनी रक्तदान सेवाएं बाधित नहीं होने दी। अपने समर्पित स्वयंसेवकों के माध्यम से लगातार विषम परिस्थितियों में भी मानवता की सेवा की है। इस मौके पर प्रो. प्रमोद कुमार, प्रो. सारिका शर्मा, डॉ. खेराज, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. दिनेश चहल, डॉ. रेनु यादव, डॉ. किरण रानी सहित राष्ट्रीय सेवा योजना और यूथ क्रॉस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।   

Click Here for More Institutional Activities