
हरियाणा: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के योग विभाग, स्वामी दयानंद सरस्वती पीठ और योग एडवेंचर और ट्रैकिंग क्लब की ओर से होलाष्टक अर्थात होली पर्व के प्रारंभ के आठ दिनों के उपलक्ष में यज्ञ का आयोजन किया गया।
यज्ञ के उपलक्ष में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति की चेतना को जगाने, राष्ट्रीयता की भावना को बढ़ाने में यज्ञ विज्ञान का बड़ा योगदान है। स्वामी दयानंद सरस्वती पीठ के आचार्य प्रोफेसर रणवीर सिंह ने बताया कि होलाष्टक वह समय है जिस समय उत्तर भारत में नया अन्न पककर तैयार हो जाता है, जिसे भूनना भी यज्ञ प्रक्रिया का ही एक भाग है। उसकी आहुति भी यज्ञ में समर्पित की जाती है। यह पर्व व्यक्ति को जमीन से, जड़ों से, जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। प्रकृति का सानिध्य लेने, उसके परिवर्तनों को आत्मसात करने की शिक्षा भी देता है।
इस कार्यक्रम में संस्कृत विभाग के डॉ. देवेंद्र राजपूत, डॉ सुमन, डॉ रवि दत्त, कृष्ण कुमार, योग विभाग के डॉ. रवि कुमार शास्त्री, डॉ. अजय पाल और शोधार्थी नीरज, अनुज कुमारी, प्रदीप कुमार तथा अन्य विद्यार्थियों ने यज्ञ में भाग लिया और इसके सांस्कृतिक, शैक्षणिक महत्त्व को जाना।
Click Here for More Institutional Activities